About

इन्द्रप्रस्थ कॉलेज का हिन्दी विभाग विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए समर्पित एक सशक्त शैक्षणिक मंच है। यहाँ हिन्दी का अध्ययन केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं, बल्कि समाज, संस्कृति और समकालीन जीवन से गहरे रूप में जुड़ने का माध्यम है। साहित्य, भाषा, मीडिया, रंगमंच, सिनेमा और अनुवाद जैसे विविध क्षेत्रों के अध्ययन-अध्यापन के माध्यम से विद्यार्थियों को हिन्दी के व्यापक और वैश्विक परिदृश्य से परिचित कराया जाता है, जिससे विभाग की प्रकृति अंतःविषयी और समकालीन दृष्टि से समृद्ध बनती है।

पाठ्यक्रमों के संतुलित संचालन के साथ विभाग विद्यार्थियों को समाज और समकालीन घटनाओं के प्रति संवेदनशील बनाता है। साथ ही व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के समावेश द्वारा उनमें बाज़ार की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल और रुचि का विकास भी किया जाता है। नई शिक्षा नीति–2020 के अंतर्गत AEC, SEC और VAC जैसे पाठ्यक्रमों के अध्ययन की विशेष सुविधा विद्यार्थियों को बहुआयामी शैक्षणिक अनुभव प्रदान करती है।

तृतीय वर्ष में व्यावसायिक विषयों के विकल्प उच्चतर शिक्षा और रोजगार के नए अवसरों का विस्तार करते हैं, जबकि उपन्यास, कहानी और कविता जैसे साहित्यिक अध्ययन छात्राओं में संवेदनशीलता, आलोचनात्मक दृष्टि और रचनात्मकता का विकास करते हैं। चतुर्थ वर्ष में शोध के नए आयामों की ओर प्रेरित करते हुए विभाग विद्यार्थियों को स्वतंत्र चिंतन और ज्ञान-सृजन की दिशा में अग्रसर करता है।

विभाग समय-समय पर छात्राओं को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करता है, जिससे वे अपने शैक्षणिक, बौद्धिक और व्यक्तिगत विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ सकें और एक जागरूक, विचारशील तथा उत्तरदायी नागरिक के रूप में समाज में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें।